Advertisement

मतलूपुर के बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर को पर्यटन स्थल बनाने की मांग, विधायक कोमल सिंह ने पर्यटन मंत्री को लिखा पत्र

–मतलूपुर के बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर को पर्यटन स्थल बनाने की मांग, विधायक कोमल सिंह ने पर्यटन मंत्री को लिखा पत्र

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड अंतर्गत मतलूपुर स्थित बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकास की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में कोमल सिंह, गायघाट विधायक सह महिला एवं बाल विकास समिति सदस्य ने अरुण शंकर प्रसाद, पर्यटन मंत्री को पत्र लिखकर मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विधानसभा क्षेत्र संख्या 88 गायघाट के अंतर्गत यह प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ नेपाल सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक हर वर्ष पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।


उन्होंने बताया कि वर्तमान में मंदिर परिसर में मूलभूत सुविधाओं, समुचित सौंदर्यीकरण और बुनियादी ढांचे की कमी के कारण श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आने और राज्य सरकार को संभावित राजस्व हानि की आशंका बनी रहती है, जो इस ऐतिहासिक स्थल की महत्ता के अनुरूप नहीं है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मतलूपुर गांव में लगभग ढाई एकड़ भूमि उपलब्ध है। इस संबंध में अंचल अधिकारी बन्दरा द्वारा भूमि सुधार उप समाहर्ता को पत्र भी भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिलने से विकास कार्य लंबित है।
विधायक ने सरकार से आग्रह किया है कि मंदिर का संरक्षण, सौंदर्यीकरण और मूलभूत पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराकर इसे एक विकसित धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में जल्द से जल्द विकसित किया जाए तथा लंबित स्वीकृतियों पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्य प्रारंभ कराया जाए।