-मतलपुर पंचायत में सड़क निर्माण को लेकर आक्रोश, ग्रामीण बोले – “अब वोट उसी को मिलेगा जो काम करेगा”
बंदरा (मुजफ्फरपुर)। दीपक।
गायघाट विधानसभा क्षेत्र के बन्दरा प्रखण्ड के मतलपुर पंचायत में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। बाबा खगेश्वरनाथ धाम से सटे सरकारी ट्यूबवेल के पश्चिम महादलित बस्ती तक सड़क निर्माण का शिलान्यास भले ही विधायक द्वारा बड़े धूमधाम से किया गया हो, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी संवेदक द्वारा कार्य शुरू नहीं किए जाने से जनता में गहरा आक्रोश है।
जनता की पीड़ा:
बरसात और कीचड़ ने बस्ती तक पहुंचना मुश्किल कर दिया है। बच्चों का स्कूल जाना, बीमारों को अस्पताल ले जाना और मजदूरों का काम पर जाना रोजमर्रा की समस्या बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर चुनाव में नेताओं से विकास और सड़क का वादा तो मिलता है, लेकिन जमीनी स्तर पर केवल आश्वासन ही हाथ आता है।

लोगों में नाराजगी:
सामाजिक कार्यकर्ता श्याम किशोर एवं अन्य ने कहा कि “पक्ष और विपक्ष की खींचतान में गरीब जनता सबसे ज्यादा पीस रही है। नेताओं को भाषण और फोटो खिंचवाने की चिंता है, जबकि लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। यदि हालात ऐसे ही रहे तो इस बार चुनाव में जनता किसी भी उम्मीदवार को माफ नहीं करेगी।”
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है –“अब वोट उसी को मिलेगा जो सड़क बनवाएगा। सिर्फ शिलान्यास नहीं, धरातल पर काम चाहिए।”








