Advertisement

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सरकारी राशि: शिवदहा पंचायत में 6 महीने के भीतर एक ही सड़क का दो बार निर्माण, ग्रामीणों में आक्रोश

–भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सरकारी राशि: शिवदहा पंचायत में 6 महीने के भीतर एक ही सड़क का दो बार निर्माण, ग्रामीणों में आक्रोश

मुजफ्फरपुर / गायघाट प्रखंड सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और विकास के दावों के बीच शिवदहा पंचायत से भ्रष्टाचार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन की खुलेआम लूट का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महज छह महीने के भीतर एक ही सड़क का दो अलग-अलग योजनाओं से दोबारा निर्माण कर दिया गया, जिससे लाखों रुपये की सरकारी राशि पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों और स्थानीय समाजसेवी अजय कुमार सिंह के अनुसार, जिस सड़क का निर्माण हाल ही में कराया गया था, उसी सड़क को फिर से तोड़कर दोबारा निर्माण दिखाया गया। इससे साफ संकेत मिलता है कि ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी धन का बंदरबांट किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, ताकि काम जल्दी खराब हो और दोबारा निर्माण दिखाकर राशि निकाली जा सके। समाजसेवी अजय कुमार सिंह ने इस कथित भ्रष्टाचार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं।


अजय कुमार सिंह ने कहा,
“यह सीधे तौर पर सरकारी खजाने का दुरुपयोग है। जब सड़क पहले ही बन चुकी थी, तो छह महीने के अंदर उसी पर दूसरी योजना लागू करने का क्या औचित्य है? इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।”
इस घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण पूछ रहे हैं कि क्या विभाग के पास पिछली योजनाओं का रिकॉर्ड नहीं था? एक ही जगह पर दोबारा स्टीमेट पास करने वाले इंजीनियरों पर कार्रवाई कब होगी? आखिर जनता के टैक्स का पैसा विकास में लगेगा या ठेकेदारों की जेब भरने में?
क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और सतर्कता विभाग से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कर सरकारी राशि की रिकवरी की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोहराई न जा सके।