-भोजपुरी फिल्म नायक विजय खरे के निधन पर शोक, मुजफ्फरपुर ने खोया एक चमकता सितारा
मुजफ्फरपुर। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज और लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित विजय खरे के निधन से फिल्म जगत और मुजफ्फरपुर में शोक की लहर है। बेंगलुरु में उनका निधन होने की खबर के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने गहरा शोक व्यक्त किया।
जिलाध्यक्ष मुकुल ने विजय खरे को याद करते हुए कहा कि वे पुणे फिल्म अकादमी से प्रशिक्षण लेकर अभिनय की दुनिया में आए थे। उन्होंने न केवल खुद को स्थापित किया बल्कि नए कलाकारों को मंच देने के लिए फिल्म अकादमी भी शुरू की। विजय खरे ने अपने करियर में मशहूर फिल्म अभिनेता देवानंद के सचिव के रूप में भी कार्य किया।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता समीर कुमार ने बताया कि विजय खरे ने मुजफ्फरपुर की धरती पर उस दौर के मशहूर गायक मुकेश नाइट्स का आयोजन करवाया, जिसकी यादें आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं।
विजय खरे के निधन को लेकर उनके प्रशंसकों और सहयोगियों ने भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।















