भाजपा को मिला सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, नितिन नवीन के नेतृत्व से बढ़ी नई उम्मीद

-भाजपा को मिला सबसे युवा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, नितिन नवीन के नेतृत्व से बढ़ी नई उम्मीद

ब्यूरो।पटना/नई दिल्ली।

बीजेपी के भीतर युवा नेतृत्व की नई तस्वीर अब पूरी तरह उभरकर सामने आ गई है। महज 45 वर्ष की उम्र में नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से संगठन में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। खासकर बिहार के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में इस नियुक्ति को लेकर खुशी की लहर देखी जा रही है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती और नई दिशा मिलेगी।

नितिन नवीन की नियुक्ति पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बधाई देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां किसी एक व्यक्ति के बल पर नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों से संगठन आगे बढ़ता है। उन्होंने एक रोचक संयोग साझा करते हुए कहा कि जब वे स्वयं भाजपा अध्यक्ष बने थे, तब वे महाराष्ट्र के पीडब्ल्यूडी मंत्री थे और आज नितिन नवीन भी पीडब्ल्यूडी मंत्री रहते हुए इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचे हैं। गडकरी ने भरोसा जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।

इस अवसर पर नितिन गडकरी ने जाति आधारित राजनीति पर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन देश की केवल एक प्रतिशत आबादी वाले वर्ग से आते हैं, लेकिन भाजपा में जाति कभी मापदंड नहीं रही। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब हार्ट का ऑपरेशन कराना होता है तो डॉक्टर की जाति नहीं, उसकी विशेषज्ञता देखी जाती है; संगीत सुनते समय गायक की जाति नहीं, उसकी कला देखी जाती है; और भोजन में स्वाद देखा जाता है, जाति नहीं। राजनीति में भी नेताओं का मूल्यांकन उनकी काबिलियत और योगदान से होना चाहिए।

गौरतलब है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने 14 दिसंबर 2025 को नितिन नवीन को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके अगले दिन 15 दिसंबर को उन्होंने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे और औपचारिक रूप से उन्हें पदभार सौंपा गया।

इस नियुक्ति के साथ नितिन नवीन अब राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा के प्रमुख युवा चेहरों में शुमार हो गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में वे देशभर में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, युवा जुड़ाव और जनाधार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles