–भाकपा माले की विस्तारित बैठक आयोजित, 23 मार्च को प्रखंड सम्मेलन की तैयारी पर चर्चा
राजापाकर: प्रखंड क्षेत्र के कल्याणपुर ग्राम स्थित सामुदायिक भवन परिसर में भाकपा माले की विस्तारित बैठक प्रखंड सचिव सुमन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहीद भगत सिंह के शहादत दिवस के अवसर पर आगामी 23 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले प्रखंड सम्मेलन की सफलता को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव कॉमरेड योगेंद्र राय ने कहा कि मजदूरों के लिए लागू किए गए चार श्रम कोड गुलामी के समान हैं। इनमें न तो सम्मानजनक मजदूरी की गारंटी है, न स्थायी नौकरी की और न ही विरोध के अधिकार की सुरक्षा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये श्रम कोड मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट घरानों के हितों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। उन्होंने मनरेगा को कमजोर करने को भी ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर बड़ा हमला बताया।

वहीं प्रखंड सचिव सुमन कुमार ने कहा कि हाल ही में अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में किसानों के हितों के साथ विश्वासघात किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले किसी सरकार ने कृषि क्षेत्र को विदेशी बाजार के लिए नहीं खोला था, लेकिन वर्तमान सरकार ने अमेरिका से शून्य शुल्क पर कृषि सामग्री के आयात की छूट दे दी है। उन्होंने बताया कि अमेरिका में किसानों को भारी सब्सिडी मिलती है, जिसके कारण वहां के सस्ते कृषि उत्पादों का मुकाबला भारत के संकटग्रस्त किसान नहीं कर पाएंगे।
बैठक में रामचंद्र सहनी, महताब राय, सुरेश बैठा, सुरेश राय, बृजकिशोर साह, राम बहादुर प्रसाद सिंह, रामएकवाल, उर्मिला देवी, प्रेम मांझी, उमेश महतो, कामेश्वर सह तथा डॉ. देवेंद्र शर्मा सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।












