Advertisement

भक्ति और उल्लास के बीच सकरी मन नववर्ष पर श्रीराम विवाह महायज्ञ आयोजित

-भक्ति और उल्लास के बीच सकरी मन नववर्ष पर श्रीराम विवाह महायज्ञ आयोजित

-संगीतमय झांकी एवं अन्य प्रस्तुतियों से बंधा समां

-दो दिवसीय श्रीराम नाम अष्टयाम का समापन

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
नए वर्ष के मौके पर सकरी मन गांव के चंद्रशेखर चौक स्थित ब्रह्म स्थान पर गुरुवार की सन्ध्या श्रीराम विवाह महायज्ञ आयोजित किए गए।इस दौरान संगीतमय झांकी एवं अन्य प्रस्तुतियों से समां बंधा रहा।

इससे पहले बुधवार 31 दिसंबर से आरम्भ दो दिवसीय संगीतमय श्रीराम नाम अष्टयाम का समापन गुरुवार को हुआ। इस दौरान बुधवार की संध्या यज्ञ स्थल पर ही कृत्रिम पोखर बनाकर पारंपरिक मटकोर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

नववर्ष के अवसर पर मिथिला संगीत के प्रसिद्ध कलाकार रामभरोस के नेतृत्व में गुरुवार की संध्या से संगीतमय एवं भव्य झांकी युक्त श्रीराम विवाह महायज्ञ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीराम विवाह से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को झांकी, संगीत एवं प्रसंग वाचन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

ग्रामीणों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा गया। आयोजन से जुड़े युवाओं ने बताया कि बीते 12 वर्षों से गांव में इसी प्रकार पुराने साल का समापन और नए साल का स्वागत ईश्वर भक्ति के साथ किया जाता रहा है। इस अवसर पर पूरे गांव में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से न केवल आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ होता है, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की भावना भी और अधिक मजबूत होती है।