बौंसी में निर्मम हत्या: जदयू प्रखंड अध्यक्ष के पिता की पीट-पीटकर हत्या, पुराने विवाद में बड़ी वारदात
-बौंसी में निर्मम हत्या: जदयू प्रखंड अध्यक्ष के पिता की पीट-पीटकर हत्या, पुराने विवाद में बड़ी वारदात
बांका। सरकार भले ही अपराध पर नियंत्रण का दावा कर रही हो, लेकिन अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते दिख रहे हैं। बांका जिले के बौंसी थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष भैरव मंडल के 70 वर्षीय पिता छेदी मंडल की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
घटना की जड़ भैरव मंडल के बेटे सौरभ मंडल और स्थानीय छात्रों के बीच चल रहे पुराने विवाद को बताया जा रहा है।
कैसे शुरू हुआ विवाद:
जानकारी के अनुसार, भैरव मंडल का 19 वर्षीय पुत्र सौरभ जबड़ा हाई स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। इसी स्कूल में अंगारू जबड़ा निवासी देव झा और सचिन चौधरी भी पढ़ते हैं। करीब 15–20 दिन पहले किसी बात को लेकर तीनों छात्रों के बीच विवाद और झगड़ा हुआ था, जिसके बाद तनाव बना हुआ था।
शनिवार को स्कूल में फिर से विवाद बढ़ा और मारपीट तक बात पहुँच गई। इसके बाद सचिन चौधरी ने भैरव मंडल को फोन कर सुबह समझौते का प्रस्ताव रखा।
हमलावरों ने बुजुर्ग पर किया बर्बर हमला:
इसी बीच, जब परिवार के लोग गांव में एक शादी समारोह में थे, तभी 15–20 की संख्या में हमलावर सात–आठ बाइक और एक कार से छेदी मंडल के घर पहुँचे और बुजुर्ग पर बेरहमी से हमला कर दिया।

बेचैन होकर बीच-बचाव करने आए पोते सौरभ को भी हमलावरों ने पीटा, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
70 वर्षीय छेदी मंडल उम्रदराज होने और शुगर की बीमारी से पीड़ित होने के कारण चोटों को सह नहीं पाए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हमला करने के बाद अपराधी फरार हो गए, लेकिन हड़बड़ी में उनकी कार घटनास्थल पर ही छूट गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
परिजन छेदी मंडल को बौंसी रेफरल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर उत्तम कुमार ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बौंसी इंस्पेक्टर, थानाध्यक्ष राजरतन, एएसआई राकेश कुमार तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचे। बाद में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा भी अस्पताल पहुंचे और जांच की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया है और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है।
घर में पसरा मातम:
हत्या की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र बालकृष्ण मंडल, भैरव मंडल, गोपाल मंडल, तथा पोते संतोष मंडल एवं सौरभ मंडल का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई में जुट गई है।



