Advertisement

बोचहां थानाध्यक्ष नशे में धुत, पीएसआई और सिपाहियों से की गाली-गलौज और बदसलूकी

-बोचहां थानाध्यक्ष नशे में धुत, पीएसआई और सिपाहियों से की गाली-गलौज और बदसलूकी

बोचहां। शुक्रवार को थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया द्वारा पीएसआई प्रमोद कुमार पांडेय और दो सिपाहियों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी करने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद पीएसआई ने एसएसपी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है।

शिकायत में पीएसआई ने बताया कि शाम को थाना पर बैठे हुए कांड का निष्पादन कर रहे थे। इसी दौरान डायल 112 से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के सरवानी चक में एक लड़का-लड़की को बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने थानाध्यक्ष से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन थानाध्यक्ष न मिलने के कारण सरकारी वाहन से घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। रास्ते में थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया उनसे मिल गए और सूचना दी गई। इस पर नशे में धुत थानाध्यक्ष भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। जब पीएसआई ने रोकने का प्रयास किया, तो थानाध्यक्ष मारपीट पर उतारू हो गए और सभी को वाहन से उतारकर खुद वाहन लेकर थाना लौट गए।

पीएसआई ने बताया कि इस घटना के बाद से वे मानसिक रूप से परेशान हैं। थानाध्यक्ष ने इस घटना से इनकार किया है।

थानाध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर थाना में नाराजगी है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि श्रीकांत चौरसिया किसी भी कर्मी के साथ संवाद नहीं करते और सभी को विभागीय कार्रवाई की धमकी देते हैं।

पूर्व में गायघाट में पदस्थापित रहे थानाध्यक्ष की विवादित छवि को लेकर जनप्रतिनिधियों और आम जनता में भी नाराजगी है।

#बोचहां_थानाध्यक्ष_विवाद #पुलिस_असंतोष #नशे_में_थानाध्यक्ष #पुलिस_शिकायत #श्रीकांत_चौरसिया