Advertisement

बोचहां के विकास को लेकर विधायक बेबी कुमारी ने डीएम से की मुलाकात, जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर बनी सहमतिf

-बोचहां के विकास को लेकर विधायक बेबी कुमारी ने डीएम से की मुलाकात, जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर बनी सहमति

मुजफ्फरपुर(दीपक):
बोचहां विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विधायक बेबी कुमारी ने शुक्रवार को जिला पदाधिकारी (डीएम) मुजफ्फरपुर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधार और जन समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित विषयों पर पत्र सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
मुलाकात के दौरान विधायक ने बोचहां क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए जीरोमाइल गोलंबर के सौंदर्यीकरण, कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण व चौड़ीकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों की स्थापना, बिजली और पेयजल व्यवस्था में सुधार सहित कई अहम प्रस्ताव जिला प्रशासन के समक्ष रखे।
वहीं अंचल कार्यालयों में राजस्व से जुड़े कार्यों में हो रही अनियमितताओं, लंबित दाखिल-खारिज मामलों और आम जनता को हो रही परेशानियों के संबंध में भी उन्होंने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।


इस क्रम में मुशहरी प्रखंड के नरौली डीह निवासी विनय कुमार उर्फ भोला कुशवाहा के दाखिल-खारिज आवेदन को बार-बार अस्वीकृत किए जाने, राम बाबू पांडेय के परिमार्जन से जुड़े मामले तथा अन्य लंबित दाखिल-खारिज मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। इस पर जिला प्रशासन ने मामले की जांच कर दोषी अधिकारी, कर्मचारी या डेटा ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए “जनसंवाद कार्यक्रम” आयोजित करने पर भी सहमति बनी। इसके तहत 19 मार्च 2026 को मुशहरी प्रखंड कार्यालय परिसर और 23 मार्च 2026 को बोचहां प्रखंड कार्यालय परिसर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जहां आम लोग अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकेंगे।
विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि बोचहां विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेंगी।