Advertisement

बेटियाँ असुरक्षित, सरकार मौन: मुजफ्फरपुर में पीड़ित परिवार से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

-बेटियाँ असुरक्षित, सरकार मौन: मुजफ्फरपुर में पीड़ित परिवार से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

मुजफ्फरपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार राम ने मंगलवार को कुढनी प्रखंड के जगन्नाथपुर और कफेन गाँव पहुँचकर बलात्कार पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि “राज्य में अपराधियों का मनोबल चरम पर है, बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं।”

राजेश कुमार राम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेटियों और महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर संघर्ष करेगी। उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “यह सरकार गुंगी और बहरी बन चुकी है, कांग्रेस इसकी ईंट से ईंट बजा देगी।”

पटना लौटते समय पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बलात्कार पीड़िता दलित बच्ची को समुचित इलाज नहीं मिला, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा, “बेड तक नहीं मिला, इलाज न मिलने से बच्ची सिस्टम से हार गई, लेकिन सरकार में बैठे लोग मूकदर्शक बने रहे।”

राजेश राम ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी पर भी हमला बोलते हुए कहा, “ये लोग केवल वोट के समय दलित नेता बनते हैं, पर जब किसी गरीब दलित बेटी को न्याय की ज़रूरत होती है, तो संघी सोच के आगे मौन साध लेते हैं।”

उन्होंने सरकार द्वारा शुरू की गई जांच को “मामले को शांत करने की कोशिश” बताया और मांग की कि या तो सर्वदलीय विधायकों की समिति से जांच कराई जाए या न्यायिक जांच का आदेश हो।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुजफ्फरपुर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल, प्रदेश महिला अध्यक्ष शरवत जहाँ फातिमा, अल्पसंख्यक कमिटी के प्रदेश अध्यक्ष उमेर खान, महिला जिलाध्यक्ष जुही प्रीतम समेत कई वरिष्ठ नेता व सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।