–बूढ़ी गंडक को स्वच्छ व जीवंत बनाने की पहल तेज
मुजफ्फरपुर, 17 मार्च। शहर के टाउन हॉल में मंगलवार को शहरी नदी प्रबंधन योजना (URMP) को लेकर मल्टी स्टेकहोल्डर्स वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने की। इसमें BUIDCO, सड़क निर्माण विभाग (RCD), सहायक नगर योजनाकार, लघु सिंचाई, सांख्यिकी, वन एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA), नई दिल्ली के मार्गदर्शन में कार्यरत ICF एवं AIILSG के कंसोर्टियम द्वारा योजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।

यह योजना राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत तैयार की जा रही है, जिसका उद्देश्य शहर और नदी के बीच पर्यावरणीय, आर्थिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करना है। प्रस्तुति में बूढ़ी गंडक नदी में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के उपायों के साथ-साथ नदी तट के विकास पर विशेष जोर दिया गया, ताकि इसे शहर के लिए आर्थिक संसाधन के रूप में विकसित किया जा सके।
बैठक में विभिन्न विभागों ने अपने सुझाव दिए और योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आपसी समन्वय पर बल दिया गया।
नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा, “बूढ़ी गंडक हमारे शहर की जीवनरेखा है। इसे स्वच्छ और जीवंत बनाना हमारी प्राथमिकता है। सभी विभागों के सहयोग से हम इस दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं।”











