Advertisement

बीरगंज में नोवेल बैंक से 1.32 करोड़ रुपये के लूटकांड का खुलासा

मोतिहारी। राजन द्विवेदी

बीरगंज में नोवेल बैंक से 1.32 करोड़ रुपये के लूटकांड का खुलासा

नेपाल के परसा जिले के बीरगंज में नोवेल बैंक से पांच दिन पहले 1.32 करोड़ रुपये के हुए लूटकांड का मोतिहारी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट में शामिल एक महिला सहित तीन अंतरराष्ट्रीय लुटेरा गिरोह को गिरफ्तार किया है। बैंक से लूटी गई 18. 23 लाख की रकम और लूट में प्रयुक्त सामान को पुलिस टीम ने बरामद किया है। मोतिहारी का यह गैंग नेपाल को अपना सॉफ्ट टारगेट रखता था और लूट की घटना को अंजाम देता था। एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पूर्वी चंपारण जिले के तीन डीएसपी रैंक के अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी दी थी। मोतिहारी एसपी ने बताया कि चार रोज पहले नेपाल के बीरगंज स्थित ब्रह्म चौक स्थिति नोवेल बैंक में एक करोड़ रुपए की लूट हुई। उसके बाद एक हुड्डी कारोबारी से 40 लाख रुपये की लूट हुई थी। इसको लेकर नेपाल के परसा जिला के एसपी ने मोतिहारी पुलिस से संपर्क साधा था।


मोतिहारी एसपी कांतेश मिश्रा ने एसडीपीओ सुबोध कुमार, सिकरहना एसडीपीओ अशोक कुमार और रक्सौल एसडीपीओ धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम बनाईं और छापेमारी करने का निर्देश दिया। इस दौरान झरोखर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से लूट का 17.28 लाख रुपये बरामद किए गए। जब उनसे पूछताछ की गई तो उन्होंने एक महिला के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दरपा क्षेत्र के तिनकोनी में छापेमारी कर सविता देवी को गिरफ्तार किया। महिला के पास से 95 हजार रुपये बरामद हुए। एसपी ने बताया कि झरोखर से गिरफ्तार मंटू कुमार और अर्जुन कुमार ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं एक तरह से अंतरराष्ट्रीय लुटेरा गिरोह का खुलासा हुआ है। लूट में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ सुबोध कुमार, धीरेंद्र कुमार, अशोक कुमार, दरपा थानाध्यक्ष उमाशंकर माझी, झरोखर थानाध्यक्ष शिवनाथ माझी आदि शामिल थे। बैंक लूट कांड में महिला सविता देवी की गिरफ्तारी दरपा थाना से हुई है। उसका घर नेपाल से लगभग 25-30 किमी की दूरी पर है। महिला अंतरराष्ट्रीय लूट गैंग में शामिल थी। महिला लुटेरे को अपने घर में पनाह देती थी, लूट के पैसे से महिला ने गहने और समान की खरीदारी की थी।