-बिहार चुनाव में करारी हार के बाद महागठबंधन में हलचल तेज
-राजद कार्यालय में समीक्षा बैठक जारी, तेजस्वी यादव दिल्ली रवाना
-राहुल गांधी से हो सकती है मुलाकात
पटना।ब्यूरो।
बिहार विधानसभा चुनाव में राजद सहित पूरे महागठबंधन को मिली करारी हार के बाद अब सभी दल आत्ममंथन की प्रक्रिया में जुट गए हैं। चुनावी नतीजों ने महागठबंधन खेमे में अंदरूनी हलचल बढ़ा दी है और सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी समीक्षा बैठकों की शुरुआत कर दी है।
कांग्रेस ने अपने सभी जिलाध्यक्षों को जिलास्तर पर विस्तृत समीक्षा रिपोर्ट तैयार कर हाईकमान को भेजने का निर्देश दिया है। वहीं राजधानी पटना स्थित राजद कार्यालय में दो दिवसीय समीक्षा बैठक जारी है। लगातार दूसरे दिन वरिष्ठ और जिम्मेदार नेता चुनावी हार के कारणों पर चर्चा कर रहे हैं। बैठक में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक की रणनीतियों की कमियों का विश्लेषण किया जा रहा है।

इसी बीच बड़ी राजनीतिक हलचल तब दिखी जब राजद नेता तेजस्वी यादव अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार तेजस्वी यादव दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने जब उनसे सवाल पूछने की कोशिश की तो उन्होंने किसी भी प्रश्न का उत्तर देने से परहेज किया और बिना प्रतिक्रिया दिए एयरपोर्ट के अंदर चले गए।
उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बिहार के कई वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया है। दिल्ली रवाना होने से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बताया था कि देशभर में चल रहे SIR विरोधी आंदोलनों, संगठनात्मक मुद्दों और बिहार में मिली चुनावी हार पर आलाकमान के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी।
महागठबंधन की इस सक्रियता से यह स्पष्ट हो गया है कि आगामी राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए सभी दल अपनी रणनीतियों को नए सिरे से तैयार करने में जुट चुके हैं।











