Advertisement

बिहार के मुजफ्फरपुर में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, जेई 9 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

–बिहार के मुजफ्फरपुर में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, जेई 9 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार चल रही कार्रवाई के बीच विशेष निगरानी टीम ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने साहेबगंज नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से नगर परिषद सहित सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, परिवादी राजकुमार तिवारी ने SVU कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि साहेबगंज नगर परिषद में पेवर्स ब्लॉक लगाने के काम के एवज में जूनियर इंजीनियर द्वारा 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की जांच और सत्यापन में आरोप सही पाए गए।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक राज कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।

टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को 9 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। इस मामले में विशेष निगरानी इकाई थाना कांड संख्या 7/26, दिनांक 19.02.26 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में पिछले 72 घंटे के भीतर यह तीसरी बड़ी गिरफ्तारी है। 17 फरवरी को प्रभारी जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार 50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए थे, जबकि 18 फरवरी को सदर थाने के दारोगा भास्कर कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से भ्रष्ट अधिकारियों में दहशत का माहौल है।
प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।