Advertisement

बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी से 50 हजार लूटे लूट, पुलिस टीम छापेमारी में जुटी

–बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी से 50 हजार लूटे लूट, पुलिस टीम छापेमारी में जुटी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने जिले के बिजधरी थाना क्षेत्र के सुन्दरापुर गांव में स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में घुसकर दिनदहाड़े करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि संचालक और ग्राहक संभल नहीं पाए।
घटना संतोष इंटरप्राइजेज नामक दुकान की है। जहां एयरटेल पेमेंट बैंक और भारतीय स्टेट बैंक का सीएसपी संचालित होता है। बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर संचालक संतोष कुमार अपने रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त थे। दुकान में कुछ ग्राहक भी मौजूद थे। तभी दो अलग-अलग बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां आ धमके। सूत्रों के अनुसार दो अपराधी अपाचे बाइक पर और एक पल्सर बाइक पर आया था। दुकान में घुसते ही उन्होंने वारदात को अंजाम देने की तैयारी शुरू कर दी।

– पिस्टल की नोक पर ग्राहकों को बनाया बंधक

जैसे ही अपराधी अंदर घुसे, माहौल पूरी तरह बदल गया। एक अपराधी ने सीधे काउंटर की ओर बढ़ते हुए संचालक संतोष कुमार पर पिस्तौल तान दी। दूसरे अपराधी ने ग्राहकों को हथियार दिखाकर चुप रहने की चेतावनी दी। मौके पर मौजूद लोग भयभीत होकर एक कोने में खड़े हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों के चेहरे पर कोई डर नहीं था। उन्होंने पूरी वारदात मिनटों में पूरी की और किसी को आवाज तक नहीं उठाने दी।


– 50 हजार रुपए लेकर भागे अपराधी

पिस्तौल ताने बदमाशों ने काउंटर में रखे करीब 50 हजार रुपये झट से निकाल लिए। पैसे लेने के बाद तीनों अपराधी अपनी-अपनी बाइक पर सवार हुए और जगीराहां की दिशा में फरार हो गए। वारदात इतनी तेज थी कि किसी को पीछा करने का मौका भी नहीं मिला।घटना के बाद सीएसपी संचालक और ग्राहक दहशत में आ गए। लोगों का कहना है कि दुकान से चंद कदम की दूरी पर हमेशा चहल-पहल रहती है, फिर भी अपराधियों ने बिना डर वारदात को अंजाम दिया।
लूट की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े सीएसपी में लूट होना पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। ग्रामीणों ने बताया कि सुन्दरापुर और आसपास के इलाकों में अक्सर बाइक सवार अपराधियों की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई न के बराबर दिखती है।एक ग्रामीण ने कहा, अब तो लगता है खुलेआम अपराधियों का राज है। दुकान खोलने तक में डर लगता है।
घटना की जानकारी मिलते ही बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि फुटेज से अपराधियों की बाइक और उनके हुलिये की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। बहुत जल्द पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-छापेमारी शुरू, जल्द होगा खुलासा

पुलिस आसपास के रास्तों, गांवों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फरार अपराधियों के मोबाइल लोकेशन और संभावित रूट की भी जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस सूत्रों का मानना है कि वारदात किसी संगठित गैंग की योजना का हिस्सा हो सकती है।पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अपराधियों की पहचान लगभग तय है। जल्द ही गिरफ्तारी होने की उम्मीद है।