Advertisement

बसैठ चानपुरा में कृषि, शिक्षा व स्वास्थ्य महोत्सव का भव्य आगाज, देश-विदेश के 37 वैज्ञानिक जुटे

-बसैठ चानपुरा में कृषि, शिक्षा व स्वास्थ्य महोत्सव का भव्य आगाज, देश-विदेश के 37 वैज्ञानिक जुटे

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
बसैठ चानपुरा स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में शनिवार से तीन दिवसीय कृषि, शिक्षा एवं स्वास्थ्य महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हुआ। ख्याति प्राप्त शिक्षाविद डॉ. संत कुमार चौधरी द्वारा स्थापित कृषि विज्ञान केन्द्र एवं वेदमती भवनाथ चौधरी कॉलेज परिसर में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन डॉ. चौधरी की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन प्रमुख अतिथि कृषि मंत्री राम कृपाल यादव, पर्यटन व कला-संस्कृति मंत्री अरुण शंकर प्रसाद, पूर्व मंत्री एवं भाजपा सचेतक विनोद नारायण झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म भूषण हुक्म देव नारायण यादव तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने दीप प्रज्वलित कर किया।


महोत्सव में नेपाल, फ्रांस, रूस समेत कई देशों के 37 कृषि वैज्ञानिक व शिक्षाविद भाग ले रहे हैं। तीन दिनों तक कृषि, पशुपालन और नवीनतम कृषि तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा कार्यपत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। किसानों को मोटे अनाज और आधुनिक खेती के तरीकों की विशेष जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य शिविर में नेत्र रोग सहित विभिन्न बीमारियों के लिए मुफ्त जांच व परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं, सौ से अधिक स्टॉलों में मिथिला पेंटिंग, कुटीर उद्योग उत्पाद, उन्नत किस्म के फल-फूल पौधे, जैविक खाद समेत अन्य सामग्री प्रदर्शित की गई है।
महोत्सव के दौरान प्रगतिशील किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे किसानों में नई तकनीक अपनाने के प्रति उत्साह बढ़ेगा।