–बन्दरा में राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल से कामकाज प्रभावित, वैकल्पिक व्यवस्था में अमीनों को दी जा रही ट्रेनिंग
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक:
मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड में सरकारी राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है। हड़ताल के कारण दाखिल-खारिज, भूमि मापी, प्रमाण पत्र निर्गत करने सहित कई महत्वपूर्ण राजस्व कार्य धीमे पड़ गए हैं, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यालयों में काम की रफ्तार सुस्त हो गई है और जरूरी फाइलों का निष्पादन समय पर नहीं हो पा रहा है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

हालांकि प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। राजस्व कार्यों को पूरी तरह ठप होने से बचाने के लिए अमीनों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे आवश्यक कार्यों का संचालन कर सकें और जनता को राहत मिल सके।
इस संबंध में बन्दरा अंचल अधिकारी अंकुर राय ने बताया कि हड़ताल के बावजूद लोगों के जरूरी काम प्रभावित न हों, इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही व्यवस्था को और सुचारू किया जाएगा।












