-बन्दरा के मुन्नी-बैंगरी पंचायत में हो रहा घर-घर जाकर किसानों का e-KYC, एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों का e-KYC कराने का कार्य तेज़ी से जारी है। बन्दरा प्रखंड की मुन्नी बैंगरी पंचायत में कृषि सलाहकार द्वारा घर-घर पहुंचकर किसानों का सत्यापन एवं प्रमाणीकरण किया जा रहा है।
बुधवार दोपहर किसान सलाहकार शशिभूषण पांडेय ने बताया कि मुन्नी बैंगरी पंचायत में कुल लगभग 677 किसानों का e-KYC किया जाना है। इसमें मुन्नी गांव के 277 किसान, केवट्सा गांव के 146 किसान तथा सकरी मन गांव के 337 किसान शामिल हैं। अब तक करीब 40 प्रतिशत किसानों का e-KYC पूरा किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि सभी पंजीकृत किसानों का e-KYC एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समय पर e-KYC नहीं होने की स्थिति में संबंधित किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य कृषि लाभों से वंचित होना पड़ सकता है।
कृषि सलाहकार ने यह भी बताया कि कई पंजीकृत किसानों के दस्तावेजों में त्रुटियां पाई गई हैं, वहीं कुछ किसानों की मृत्यु हो चुकी है, जिसके कारण सत्यापन में कठिनाई आ रही है। ऐसे मामलों की पहचान कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया भी साथ-साथ की जा रही है।










