-बन्दरा के बड़गांव में पुलिस पर बर्बरता का आरोप,जांच के लिए पहुंची राजद की टीम
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
बन्दरा प्रखंड के बड़गांव पंचायत में स्थानीय पुलिस पर बर्बरता और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगा है।मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल की जिला जांच टीम जिला अध्यक्ष रमेश गुप्ता के नेतृत्व में गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी पीयर थाना प्रभारी पर मनमानी के आरोप लगते रहे हैं। सरस्वती पूजा के दौरान दो युवकों को वाहन से ठोकर मारकर घायल कर दिया गया था, जिनका इलाज पटना में चल रहा है। वहीं 6 तारीख को जयंती पेट्रोल पंप से तेल लेकर घर लौट रहे डीजे चालक से कथित रूप से पुलिस गश्ती टीम ने 1500 रुपये की मांग की। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे बड़गांव पंचायत के सरपंच लालबाबू सहनी के साथ पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया।

सूचना मिलने पर पहुंचे पीयर थाना प्रभारी रजनीकांत ने पुलिस बल के साथ सरपंच की कथित रूप से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। इस दौरान कई महिलाओं को भी चोटें आईं। पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीण उग्र हो गए, जिसके बाद थाना प्रभारी एक घर में छिप गए। बाद में वरीय अधिकारियों के आने और माहौल शांत होने पर उन्हें वहां से निकाला गया।
जिला अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने कहा कि मामले की जानकारी एसएसपी को दे दी गई है और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पूर्व विधायक निरंजन राय ने कहा कि पुलिस का काम सुरक्षा देना है, लेकिन यहां लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि राजद बड़गांव की जनता के साथ खड़ी है।
जांच टीम में साहेबगंज के पूर्व प्रत्याशी पृथ्वीनाथ राय, प्रदेश महासचिव राजू सिंह, रेणु सहनी, मंगल राय, मो. सज्जाद, शिवचंद्र राय, जीतेन्द्र किशोर, सुरेंद्र शोले, चंदेश्वर कुशवाहा, विनय कुमार यादव, विकास सहनी सहित स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे।












