Advertisement

बदनपुर मिलकी में एंटाइटलमेंट कैंप का आयोजन, 300 ग्रामीणों ने लिया भाग, कई योजनाओं का मिला लाभ

–बदनपुर मिलकी में एंटाइटलमेंट कैंप का आयोजन, 300 ग्रामीणों ने लिया भाग, कई योजनाओं का मिला लाभ

राजापाकर–संजय श्रीवास्तव।
एक्सिस बैंक फाउंडेशन के सहयोग से आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत द्वारा राजापाकर क्षेत्र के बदनपुर मिलकी में एंटाइटलमेंट कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाना और जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया को आसान बनाना था।
आयोजित शिविर में लोगों के फार्मर आईडी कार्ड का पंजीकरण किया गया। साथ ही महिला एवं पुरुषों के सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय, आवासीय प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक आवेदनों को ऑनलाइन किया गया। संस्थान की ओर से संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।


कैंप के दौरान शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को कौशल विकास केंद्रों के माध्यम से रोजगार एवं निजी कंपनियों में नौकरी के अवसरों की जानकारी दी गई। वहीं ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों को बकरी पालन, मुर्गी पालन जैसे स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस शिविर में लगभग 300 लोगों ने भाग लिया, जिनमें से करीब 100 लोगों ने विभिन्न योजनाओं से जुड़कर तत्काल लाभ प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे कैंप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। मुख्य रूप से पेंशन, किसान पंजीयन, किसान आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण से संबंधित सेवाएं आम जनता तक पहुंचाई गईं।