–बंदरा में लीची उत्पादकों की गोष्ठी, आधुनिक तकनीक व एक्सपोर्ट पर दिया गया जोर
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।प्रखंड के हरपुर मध्य विद्यालय प्रांगण स्थित भोला बाबा मंदिर परिसर में लीची उत्पादकों के लिए सुपरप्लम कंपनी द्वारा किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लीची किसानों ने भाग लेकर आधुनिक खेती, गुणवत्ता सुधार और निर्यात के अवसरों पर विस्तार से जानकारी हासिल की।
कंपनी के सीनियर डायरेक्टर प्रोक्योरमेंट डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि कंपनी पिछले छह वर्षों से क्षेत्र में कार्य कर रही है और अब तकनीकी सहयोग के जरिए बागानों की नियमित देखरेख, फ्लोरिंग समस्या समाधान, पेड़ों की कटाई-छंटाई और जड़ों तक सूर्य की रोशनी पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों के सामने बेहतर दाम, कम लागत और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन बड़ी चुनौती है, जिसे कंपनी फसल पूर्व आवंटन, पारदर्शी मूल्य निर्धारण और स्थानीय संग्रहण सुविधा से दूर कर रही है।
किसान प्रतिनिधि बच्चा प्रसाद सिंह ने बताया कि मुजफ्फरपुर सहित छह जिलों की शाही लीची को जीआई टैग मिला है। किसान अपने बगीचे का भी जीआई पंजीकरण कराकर उत्पाद का मूल्य बढ़ा सकते हैं।

बैठक में आधुनिक एग्रोनॉमी तकनीक, पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट, कोल्ड चेन, डिजिटल सप्लाई चेन और एक्सपोर्ट मानकों की जानकारी साझा की गई। कंपनी ने ग्लोबल गैप सर्टिफिकेट के लिए निवेश कर यूरोपीय देशों में निर्यात की तैयारी भी तेज की है। किसानों को सुरक्षित कीटनाशकों और इको-फ्रेंडली तरीकों के उपयोग की सलाह दी गई।
कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि सुपरप्लम बिहार, पश्चिम बंगाल और पंजाब सहित लीची उत्पादक राज्यों में कार्य कर रही है और लीची को देश के विभिन्न राज्यों के साथ कनाडा, यूरोप और यूएई तक पहुंचा रही है। डिजिटल भुगतान, कटाई से पहले मूल्य की जानकारी और खेत पर खरीद की सुविधा से किसानों को बाज़ार से बेहतर दाम मिल रहे हैं। पिछले वर्ष समुद्री मार्ग से दुबई निर्यात सफल रहा और इस साल निर्यात मात्रा तीन गुना करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान बच्चा प्रसाद सिंह, नरेश कुशवाहा और वीरेंद्र महतो को बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मौके पर बसंत झा, कुमारी सत्या, पप्पू कुमार सहित कई कंपनी अधिकारी एवं सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
गोष्ठी की शुरुआत में कंपनी ने किसानों के सहयोग और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में मिलकर लीची उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
मौके पर कंपनी के बसंत झा, कुमारी सत्या ,पप्पू कुमार कौशलेंद्र ठाकुर, सुनील राम,गोपाल शर्मा, सुधीर कुमार पाण्डे, सुभन्स राय, विजय कुमार, मो लालू,मो गुड्डू,मो मुन्ना,संतोष कुमार, भोला पोद्दार, मो. मेराज समेत सैकडों लीची उत्पादक मौजूद थे।














