Advertisement

बंदरा में भीषण अग्निकांड, घर समेत लाखों की संपत्ति राख, मवेशी भी जले

-बंदरा में भीषण अग्निकांड, घर समेत लाखों की संपत्ति राख, मवेशी भी जले

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।

मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड में देर रात भीषण अग्निकांड की घटना ने तबाही मचा दी। आग की लपटों में एक घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, वहीं लाखों की संपत्ति के साथ पालतू मवेशी भी इसकी चपेट में आ गए।
पियर थाना क्षेत्र के बड़गांव पंचायत अंतर्गत जरंगी गांव में यह घटना घटी, जहां मो. तस्लीम के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निकांड में कपड़ा, नकदी, बर्तन, अनाज समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। इतना ही नहीं, घर में बंधे पालतू मवेशी भी आग में झुलसकर मर गए, जिससे पीड़ित परिवार पर दोहरी मार पड़ी है।


घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। पियर थाना पुलिस और बंदरा अंचल प्रशासन मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बंदरा के अंचलाधिकारी अंकुर राय ने बताया कि घटना की जांच कराई गई है और तत्काल राहत के रूप में पीड़ित परिवार को पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराई गई है। आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस भीषण अग्निकांड ने पीड़ित परिवार को बेघर कर दिया और उनकी जिंदगी भर की कमाई पल भर में राख हो गई। अब पीड़ित परिवार प्रशासन से समुचित मुआवजे और सहायता की उम्मीद लगाए बैठा है।