-बंदरा प्रखंड में बाल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा पर जोर
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक। प्रखंड सभागार में प्रखंड स्तरीय बाल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री आमना वसी ने की। बैठक में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, महिला पर्यवेक्षिका सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड व पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समिति के सदस्य भी शामिल हुए।
बैठक में बच्चों के जीवन, शिक्षा, सुरक्षा, विकास एवं सहभागिता से जुड़े अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी, बाल शोषण, विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान, उनके पुनः नामांकन एवं जरूरतमंद बच्चों के पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।

प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री आमना वसी ने निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और हर पंचायत में बाल संरक्षण समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, हिंसा या अधिकारों का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में बाल अधिकारों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और समुचित विकास के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही निर्णय लिया गया कि प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर बाल संरक्षण समिति की बैठक नियमित रूप से कर बच्चों से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
अंत में सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए “सुरक्षित बचपन – सशक्त भविष्य” के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया गया।











