Advertisement

फिर कुहासा और तेज हवा से बढ़ी ठंड, जनजीवन अस्त-व्यस्त

-फिर कुहासा और तेज हवा से बढ़ी ठंड, जनजीवन अस्त-व्यस्त

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
मंगलवार को निकली राहत देने वाली धूप के बाद लोगों ने कुछ सुकून महसूस किया, लेकिन बुधवार की सुबह होते ही एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली। क्षेत्र में घना कुहासा छा गया और तेज ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। सर्द हवाओं और गिरते तापमान के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
स्थानीय दिव्यांग उदय सिंह ने बताया कि मौजूदा हालात कोल्ड डे जैसे हैं। उन्होंने कहा कि “यह ठंड हम गरीबों को मार देने वाली है, ठंड से बचाव के साधन सबके पास नहीं हैं।”

वहीं नाई विनोद ठाकुर ने बताया कि करीब 15 दिनों बाद मंगलवार को धूप निकलने से मन प्रसन्न हो गया था और कामकाज भी पटरी पर लौटने लगा था, लेकिन बुधवार सुबह से फिर ठंड बढ़ने से हालात बिगड़ गए।
तेज हवा के कारण ठंड और अधिक चुभने लगी है, जिससे रोज़मर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा है। विनोद ठाकुर ने कहा कि “हाथ ही काम नहीं करता, इतनी ठंड में काम कैसे होगा।” मौसम की इस मार से खासकर दिहाड़ी मजदूरों, छोटे व्यवसायियों और गरीब तबके को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। ठंड का यह सिलसिला कब तक चलेगा, इसे लेकर लोग चिंतित हैं।