-प्रमंडलीय आयुक्त ने की विभागीय समीक्षा बैठक
-योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर दिया जोर
मुजफ्फरपुर।दीपक।
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह ने प्रमंडलीय कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के प्रारंभ में उपस्थित अधिकारियों ने आयुक्त को पुष्पगुच्छ भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने सामाजिक सुरक्षा, कल्याण विभाग, सांख्यिकी विभाग, योजना विभाग एवं निर्वाचन विभाग के कार्यों की क्रमवार समीक्षा की। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से उनके विभागीय दायित्वों, कार्यों की प्रगति एवं वर्क प्लान की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्राधीन जिलों के विभागीय अधिकारियों के साथ प्रत्येक माह कम से कम दो बार नियमित बैठक करें, ताकि योजनाओं की सतत निगरानी हो सके और उनके क्रियान्वयन में गति लाई जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का क्रियान्वयन विभागीय दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, जिससे लक्षित लाभार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ मिल सके।
उन्होंने योजनाओं से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण, प्रगति समीक्षा एवं निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करें तथा आपसी समन्वय स्थापित कर जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारें।
बैठक में उपनिदेशक सामाजिक सुरक्षा, उपनिदेशक कल्याण, उपनिदेशक सांख्यिकी, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य प्रमंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।










