–पूसा में क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पूसा/समस्तीपुर, 10 मार्च 2026।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत प्रखंड मुख्यालय खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता का आयोजन जय जवान जय किसान युवा क्लब के अध्यक्ष रौशन कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुमंडलीय अस्पताल पूसा के उपाधीक्षक डॉ. राकेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि प्रखंड कृषि पदाधिकारी शेखर सुमन, भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार, हिंदुस्तान खबर के संवाददाता अभय कुमार, प्रभात खबर के संवाददाता सुभाष चंद्र ठाकुर एवं राजेश कुमार मौजूद रहे। सभी अतिथियों को शॉल, मोमेंटो एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
खेल प्रतियोगिता में कबड्डी मुकाबले में प्रियांशु ब्रदर्स की टीम विजेता और संस्कृति फिजिकल अकादमी उपविजेता रही। वहीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता में RSMVA क्लब ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि पूसा-11 टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 200 मीटर बालिका दौड़ में संजना कुमारी प्रथम, नेहा कुमारी द्वितीय तथा अर्चना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर बालिका दौड़ में साक्षी कुमारी प्रथम, रिया राय द्वितीय और अनीश कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालिका ऊंची कूद में रिया कुमारी प्रथम, अंजली कुमारी द्वितीय तथा साक्षी कुमारी तृतीय रहीं।
बालक वर्ग में 400 मीटर दौड़ में बॉबी कुमार प्रथम, दीपक कुमार द्वितीय तथा हिमांशु कुमार तृतीय स्थान पर रहे। 800 मीटर दौड़ में मो. ऑल्हुक प्रथम, बॉबी कुमार द्वितीय और अभिषेक कुमार तृतीय स्थान पर रहे। ऊंची कूद में कृष्णा गर्ग राम प्रथम, मो. ऐनुलहक द्वितीय और हर्ष कुमार तृतीय रहे। वहीं लंबी कूद में अभिषेक कुमार प्रथम, सन्नी कुमार द्वितीय और प्रीतम कुमार तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेताओं को ट्रॉफी, मोमेंटो एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. राकेश कुमार एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी शेखर सुमन ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल में अनुशासन, मेहनत और समर्पण बेहद जरूरी है। यदि खिलाड़ी पूरी लगन से अभ्यास करें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल को करियर के रूप में अपनाने और खेल कोटे के माध्यम से अपने भविष्य को सुरक्षित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन क्लब के अध्यक्ष रौशन कुमार ने किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में क्लब के सचिन नीरज कुमार, एकता युवा मंडल के संस्थापक अध्यक्ष मो. एजाज, विवेक कुमार, अजय कुमार, नयन कुमार, शिवम कुमार, फिजिकल टीचर सूरज कुमार, ओम कुमार, सुमन कुमार, विमलेश कुमार, हर्ष कुमार एवं सोहन कुमार की सक्रिय भूमिका रही। इन सभी को अतिथियों द्वारा मोमेंटो और माला देकर सम्मानित किया गया।











