-पिरापुर पंचायत में धूमधाम से मनाया गया “जल महोत्सव”, जल संरक्षण का दिया संदेश
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। पिरापुर पंचायत में “जल महोत्सव” का आयोजन बड़े ही उत्साह और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सुश्री आमना वसी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पीएचईडी के जेई, जनप्रतिनिधि, आगा खान के संयोजक समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अपने संबोधन में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जल केवल एक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। उन्होंने चेतावनी दी कि गिरता जल स्तर आज एक गंभीर चिंता का विषय बन चुका है, जिसके लिए सभी को जागरूक और जिम्मेदार बनने की आवश्यकता है।
उन्होंने वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर विशेष जोर देते हुए अपील की कि जल संरक्षण को केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित न रखकर जन-आंदोलन का रूप दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

साथ ही नल-जल योजना के तहत लाभान्वित ग्रामीणों से आग्रह किया गया कि पेयजल का उपयोग केवल पीने के लिए ही करें। इसे सिंचाई, पशुओं को नहलाने, कपड़े धोने या अन्य गैर-जरूरी कार्यों में उपयोग न करें, जिससे हर घर तक स्वच्छ पानी की नियमित आपूर्ति बनी रहे।
कार्यक्रम में नल-जल योजना के संचालन एवं रखरखाव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 अनुरक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताया गया।
अंत में उपस्थित लोगों को दैनिक जीवन में जल के समुचित उपयोग का संकल्प दिलाया गया। यह “जल महोत्सव” जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।











