-पानापुर आभार सभा में उमड़ा जनसैलाब, विधायक अजीत कुमार के नेतृत्व में ‘नया कांटी’ बनाने का संकल्प
मुजफ्फरपुर। कांटी क्षेत्र के पानापुर हाई स्कूल मैदान में गुरुवार को आयोजित आभार सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में जुटे लोगों ने नवनिर्वाचित विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार के नेतृत्व में “नया कांटी, विकसित कांटी” बनाने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक अजीत कुमार ने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से ही वे पुनः विधायक बने हैं और इसका पूरा श्रेय क्षेत्र की महान जनता को जाता है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले जो वादे किए गए थे, उन्हें अब पूरा किया जा रहा है। कांटी प्रखंड, मड़वन प्रखंड एवं नगर परिषद कांटी कार्यालय में अब आम लोगों को कार्य कराने में कोई परेशानी नहीं होगी।
विधायक ने कहा कि चुनाव जीतने के एक महीने के भीतर ही कांटी, मड़वन और नगर परिषद क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखने लगे हैं। पहले जो कार्य लंबित रहते थे, अब वे तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और स्वयं वे लगातार इसकी मॉनिटरिंग और समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांटी के समग्र विकास की रोडमैप जनता की सहमति से तैयार की जाएगी और गांव-गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्य होंगे।
सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर विधायक अजीत कुमार का भव्य स्वागत किया। जदयू प्रखंड अध्यक्ष विनोद गुप्ता ने उन्हें सोने का मुकुट पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन मुखिया इंद्र मोहन झा ने किया।

इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता मो. जमाल, पूर्व विधायक गुलाम जिलानी वारसी, सकरा विधायक आदित्य कुमार, जदयू जिला अध्यक्ष रामबाबू सिंह कुशवाहा सहित अन्य नेताओं ने कहा कि विधायक अजीत कुमार के नेतृत्व में कांटी विकास के नए मानक स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि श्री कुमार गरीब-गुरबों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान करते हैं, यही कारण है कि जनता ने उन्हें फिर से अपना प्रतिनिधि चुना है।
विधायक अजीत कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास संकल्प को पूरा करने में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि कांटी में अब जनता का राज स्थापित हो चुका है। यदि किसी भी विभाग में जनता को परेशानी होती है तो वे सीधे उन्हें सूचना दें, समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने अपराधियों, बिचौलियों और भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि कांटी क्षेत्र से अपराध को जड़ से समाप्त किया जाएगा। विधायक ने आभार सभा में उपस्थित हजारों पुरुषों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों को धन्यवाद देते हुए कहा कि हर वर्ष 25 दिसंबर को पानापुर मैदान में जनता का यह स्नेह उन्हें नई ऊर्जा देता है।
कार्यक्रम में जदयू नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांटी, मड़वन व नगर परिषद कांटी क्षेत्र के हजारों लोग उपस्थित रहे और सभी ने विधायक अजीत कुमार के नेतृत्व में कांटी को विकसित क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया।













