Advertisement

पटना में अनंत सिंह–ललन सिंह की मुलाकात, बेल के बाद सियासी हलचल तेज

-पटना में अनंत सिंह–ललन सिंह की मुलाकात, बेल के बाद सियासी हलचल तेज

पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने शनिवार को केंद्रीय मंत्री व मुंगेर सांसद ललन सिंह से पटना में मुलाकात की। दुलारचंद यादव हत्याकांड में हाल ही में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए अनंत सिंह की यह पहली प्रमुख राजनीतिक मुलाकात मानी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच यह एक शिष्टाचार मुलाकात रही, जिसमें क्षेत्र के विकास और जदयू की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों पर चर्चा हुई। मोकामा विधानसभा क्षेत्र मुंगेर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है, ऐसे में इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में प्रचार के बीच दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी, जिसके बाद अनंत सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। उस दौरान ललन सिंह ने खुद मोकामा में उनके चुनाव प्रचार की कमान संभाली थी और विरोधी तत्वों को सख्त चेतावनी भी दी थी। जेल में रहते हुए ही अनंत सिंह ने लगातार छठी बार चुनाव जीतकर विधायक बनने का रिकॉर्ड कायम रखा।


जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास पर रहेगा। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि वे सक्रिय राजनीति में बने रहेंगे, लेकिन अब खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे।
वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने पर अनंत सिंह ने इसे सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि निशांत में मुख्यमंत्री बनने के सभी गुण मौजूद हैं और उनका राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल है।
अनंत सिंह ने यह भी संकेत दिया कि भविष्य में उनके परिवार के सदस्य चुनाव मैदान में उतरेंगे। हालांकि, उनके उत्तराधिकारी को लेकर उन्होंने सस्पेंस बरकरार रखा है।
गौरतलब है कि “छोटे सरकार” के नाम से मशहूर अनंत सिंह को पिछले सप्ताह ही जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मोकामा क्षेत्र में करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें जगह-जगह समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी और उनका जोरदार स्वागत किया गया।