Advertisement

पंचायत सचिव सुनील कुमार चौधरी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित

-पंचायत सचिव सुनील कुमार चौधरी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित

राजापाकर–संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड कार्यालय राजापाकर परिसर में गौसपुर पंचायत के पंचायत सचिव सुनील कुमार चौधरी के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय, मनरेगा कार्यालय एवं पंचायती राज कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पंचायत सचिव रामनरेश सिंह ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि पंचायत सचिव सुनील कुमार चौधरी एक ईमानदार, कर्मठ एवं कर्तव्यनिष्ठ पदाधिकारी रहे हैं। यह गर्व की बात है कि वे अपने लंबे सेवा काल के बाद बेदाग होकर सेवानिवृत्त हो रहे हैं, हालांकि उनके जाने का दुख भी सभी को है। उन्होंने कहा कि श्री चौधरी ने अपने कार्यकाल में राजापाकर प्रखंड में निर्वाचन कार्य सहित सभी विभागीय जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और उनके विरुद्ध कभी किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।


अन्य पंचायत सचिव एवं कर्मियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सुनील कुमार चौधरी से उन्हें हमेशा मार्गदर्शन मिलता रहा। वे कठिन से कठिन कार्य को भी सहजता से करने की प्रेरणा देते थे और यह विश्वास दिलाते थे कि कोई भी कार्य असंभव नहीं है। उनके मार्गदर्शन में कई जटिल कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। विदाई का यह क्षण भावुक करने वाला है, फिर भी सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।
वहीं, सेवानिवृत्त पंचायत सचिव सुनील कुमार चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने अपने पूरे सेवा काल में कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और सदैव यह प्रयास किया कि कोई भी कार्य लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार वेतन देती है, इसलिए समय पर और ईमानदारी से कार्य करना प्रत्येक कर्मी का दायित्व है। उन्होंने प्रखंड कर्मियों को संदेश दिया कि यदि कार्य को प्राथमिकता दी जाए तो कभी भी मार्ग में बाधा नहीं आती।
इस अवसर पर बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह, बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, राजस्व पदाधिकारी जुली कुमारी सहित प्रखंड कर्मियों में मोनू कुमार, संगम कुमार, बच्चा बाबू, शेखर कुमार, पंकज कुमार, नीतीश कुमार, रमेश भगत, मुकेश कुमार, रवि कुमार, संजीत कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित थे।