Advertisement

नौवें दिन भी जारी ‘चास-वास जीवन बचाओ’ मोर्चा का आमरण अनशन, अनशनकारी की हालत नाजुक; हजारों लोगों ने की बागमती आरती

–नौवें दिन भी जारी ‘चास-वास जीवन बचाओ’ मोर्चा का आमरण अनशन, अनशनकारी की हालत नाजुक; हजारों लोगों ने की बागमती आरती

मुजफ्फरपुर/गायघाट।दीपक।
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत बेनीबाद में ‘चास-वास जीवन बचाओ बागमती संघर्ष मोर्चा’ का सामूहिक आमरण अनशन नौवें दिन भी जारी रहा। लंबा अनशन चलने के कारण अनशनकारी की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे समर्थकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
मंगलवार को हजारों की संख्या में महिला-पुरुष आंदोलनकारियों ने बेनीबाद घाट पर पहुंचकर बागमती नदी की सामूहिक आरती की। आंदोलनकारियों ने बागमती मईया से प्रार्थना करते हुए सरकार और प्रशासन को सद्बुद्धि देने तथा उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की गुहार लगाई। पूरा घाट भक्ति और संघर्ष के नारों से गूंजता रहा।
धरना स्थल पर औराई विधानसभा क्षेत्र के महागठबंधन प्रत्याशी भागेंद्र सहनी ने भी पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि तटबंध निर्माण के बाद तटबंध के बाहर के इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे किसानों और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।


आंदोलन के समर्थन में ऐपवा नेता रानी प्रसाद और माले नेता विमलेश मिश्रा भी मौजूद रहे। मोर्चा के संयोजक जितेंद्र यादव ने बताया कि आज सुदामा प्रसाद, जो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के केंद्रीय कमेटी सदस्य और आरा लोकसभा से सांसद हैं, अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से मुलाकात करेंगे।
सभा की अध्यक्षता विशम्भर प्रसाद यादव ने की, जबकि संचालन राहुल कुमार ने किया। मौके पर अजय कुमार, ठाकुर देवेंद्र सिंह, जगन्नाथ पासवान, राजेंद्र राय, मिथिलेश राय, विवेक कुमार, रानी प्रसाद राम, राम सजन राय, राम दरस राय, नवल किशोर सिंह, रविंद्र किशोर सिंह, राम अनेक राय, रामाशंकर राय और रणजीत सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित करते हुए आंदोलन को तेज करने की बात कही।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।