Advertisement

नेपाल में भीषण सड़क हादसा : पोखरा से काठमांडू जा रही बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत, 25 घायल

–नेपाल में भीषण सड़क हादसा : पोखरा से काठमांडू जा रही बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत, 25 घायल

काठमांडू। नेपाल में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में गिर गई। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार तड़के करीब 1:15 बजे हुआ। बस धादिंग जिला के बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-3 के चिनाधारा, चरौंडी इलाके में पृथ्वी हाईवे पर चल रही थी। इसी दौरान चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और बस सड़क से फिसलते हुए करीब 300 मीटर गहरी ढलान से नीचे त्रिशूली नदी किनारे जा गिरी। हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।


जिला ट्रैफिक पुलिस प्रमुख शिशिर थापा ने बताया कि मृतकों में छह महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। वहीं घायलों में आठ महिलाएं, 18 पुरुष और एक नाबालिग लड़की भी शामिल है। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स नेपाल और नेपाल आर्मी की टीमें स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचीं और रात में ही राहत व बचाव अभियान शुरू किया। अंधेरा और पहाड़ी इलाका रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना रहा।
प्रशासन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका है कि बस चालक का नियंत्रण खोना या सड़क की खराब स्थिति हादसे की वजह हो सकती है। विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।