-नितिन नवीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, शीर्ष नेतृत्व ने जताया भरोसा
नई दिल्ली/पटना। दीपक कुमार तिवारी।
बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष (National Working President) नियुक्त किए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपनी मुहर लगा दी है। इस अहम निर्णय का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुलकर स्वागत करते हुए नितिन नवीन को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में नितिन नवीन की सराहना करते हुए लिखा कि उन्होंने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का व्यापक अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य प्रभावी रहा है और उन्होंने जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरे समर्पण भाव से काम किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि नितिन नवीन अपने विनम्र स्वभाव और जमीन से जुड़े कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं और उनकी ऊर्जा व प्रतिबद्धता आने वाले समय में पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नितिन नवीन को बधाई देते हुए इस नियुक्ति को “हर परिश्रमी युवा कार्यकर्ता का सम्मान” बताया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन एक युवा, ऊर्जावान और संगठन के अनुभवी नेता हैं। बिहार में पांच बार विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य अत्यंत प्रभावी रहा है। शाह ने उनके विनम्र स्वभाव और जमीनी कार्यशैली की भी सराहना की।

युवा मोर्चा से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तक का सफर:
अमित शाह ने नितिन नवीन के संगठनात्मक सफर को रेखांकित करते हुए बताया कि उन्होंने संगठन में हर दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाया है। वे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव, बिहार युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। इन सभी भूमिकाओं में उन्होंने अपनी क्षमता और नेतृत्व कौशल का परिचय दिया है।
अमित शाह ने इस नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताते हुए कहा कि यह निर्णय उन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो दिन-रात निस्वार्थ भाव से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है।











