-निगम का युद्धस्तरीय अभियान : जलजमाव से राहत के लिए 500 से अधिक कर्मी मैदान में
-कमरा मुहल्ला, चंदवारा, बटलर, कंपनी बाग और कटही पुल में पंपिंग से जल निकासी
मुज़फ़्फ़रपुर।
शहर में लगातार हो रही बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया है। निगम की ओर से शनिवार को कमरा मुहल्ला, चंदवारा, बटलर, कंपनी बाग और कटही पुल इलाकों में पंपिंग मशीन लगाकर जल निकासी का कार्य किया गया। इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में 500 से अधिक निगम कर्मी दिन-रात जुटकर पानी की निकासी सुनिश्चित कर रहे हैं।
लगातार बारिश के बाद कुछ इलाकों में पानी भरने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में निगम ने विशेष अभियान चलाकर प्रभावित इलाकों में पंपिंग कार्य को प्राथमिकता दी है। नगर निगम लगातार सभी वार्डों के जनप्रतिनिधियों से संपर्क में है और किसी भी वार्ड में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत सक्रिय होकर राहत कार्य शुरू कर रहा है।
नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने कहा कि नगर निगम की पहली जिम्मेदारी है कि नागरिकों को शीघ्र राहत मिले। हमारी टीमें लगातार जल निकासी और सफाई अभियान में लगी हैं। इस कार्य को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद ज़रूरी है। सभी लोग नालों और सड़कों पर कचरा न फेंकें और सफाई में निगम का साथ दें।

मेयर निर्मला देवी ने कहा कि नगर निगम की पूरी टीम जनता के साथ खड़ी है। हमारी कोशिश है कि किसी भी वार्ड में जलजमाव की समस्या न रहे। सभी पार्षदों से लगातार संवाद बनाया गया है और उनकी सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र में तुरंत कार्यवाही की जा रही है। नागरिकों से मेरा आग्रह है कि निगम के प्रयासों में पूरा सहयोग दें, ताकि शहर को जल्द ही जलजमाव की समस्या से मुक्त किया जा सके।
जनता से अपील
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि
नालों और गलियों में कचरा न डालें।
सफाई अभियान और पंपिंग कार्य में सहयोग करें।
जल निकासी कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न न करें।
किसी भी आपात स्थिति या शिकायत के लिए नगर निगम के आपातकालीन 24 घंटे टोल-फ्री नंबर 155304 पर तुरंत कॉल करें।
नगर निगम का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर को जलजमाव की समस्या से मुक्त किया जा सकता है।












