Advertisement

नालंदा में निगरानी की बड़ी कार्रवाई,राजस्व कर्मी 4,500 रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

-नालंदा में निगरानी की बड़ी कार्रवाई,राजस्व कर्मी 4,500 रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

-शिकायत पर बिछाया गया था जाल

नालंदा/पटना।ब्यूरो।

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा में एक बार फिर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने राजस्व कर्मी संजय कुमार को 4,500 रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम उन्हें पटना लेकर चली गई।

निगरानी विभाग के अनुसार करायपरशुराय प्रखंड के रमेश कुमार ने दाखिल-खारिज कराने के बदले राजस्व कर्मी द्वारा घूस मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को दीयांवा पुल के पास छापेमारी कर राजस्व कर्मी संजय कुमार को घूस लेते पकड़ लिया।

शिकायतकर्ता रमेश कुमार ने बताया कि उन्होंने सांध पंचायत के सलेमपुर गांव में डेढ़ कट्ठा जमीन 80 हजार रुपये में खरीदी थी। इसके दाखिल-खारिज के लिए आवेदन देने पर राजस्व कर्मी ने उनसे 5 हजार रुपये घूस की मांग की थी। पहली किस्त में उसने 500 रुपये ले लिए थे और दूसरी किस्त के रूप में 4,500 रुपये लेते समय निगरानी टीम ने उसे पकड़ लिया।

इस ताज़ी कार्रवाई ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी है।