Advertisement

नालंदा की घटना पर जुही प्रितम का सरकार पर हमला

-नालंदा की घटना पर जुही प्रितम का सरकार पर हमला

बोलीं—महिलाओं की सुरक्षा में पूरी तरह विफल शासन

मुजफ्फरपुर: बिहार के नालंदा जिले में बीच सड़क पर हुई सामूहिक यौन हिंसा की घटना को लेकर महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष जुही प्रितम ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की जघन्य घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है और महिलाओं में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
जुही प्रितम ने कहा कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिहार की महिलाएँ, खासकर कामकाजी महिलाएँ और छात्राएँ, खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में राज्य की नीतीश कुमार और भाजपा सरकार पूरी तरह विफल रही है।


उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार बढ़ रही यौन हिंसा और आपराधिक घटनाएँ गंभीर चिंता का विषय हैं और इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। जुही प्रितम ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अपराधियों को संरक्षण देने वाली बन गई है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले नालंदा में इस तरह की घटना होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है, जहां अपराधी खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं।
उन्होंने मांग की कि मामले की न्यायिक जांच कराई जाए, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित हो और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही पीड़िता को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।