Advertisement

नवोदय विद्यालय खरौनाडीह में 2.32 करोड़ की लागत से होंगे विकास कार्य, बालिका छात्रावास, डिजिटल लाइब्रेरी व मेडिकल कक्ष के निर्माण को डीएम की मंजूरी

-नवोदय विद्यालय खरौनाडीह में 2.32 करोड़ की लागत से होंगे विकास कार्य, बालिका छात्रावास, डिजिटल लाइब्रेरी व मेडिकल कक्ष के निर्माण को डीएम की मंजूरी
—————————-
मुजफ्फरपुर,
12 मार्च 2026

जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा विद्यालयों में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार करने की दिशा में जिलाधिकारी लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में जिला कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खरौनाडीह में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने कुल 2 करोड़ 32 लाख 2 हजार 996 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से विद्यालय परिसर में बालिका छात्रावास का निर्माण, डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना तथा छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग मेडिकल कक्ष का निर्माण कराया जाएगा।

जिलाधिकारी की इस महत्वपूर्ण पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल, आधुनिक सुविधाएं तथा सुरक्षित आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराना है। जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सुधार के लिए आधारभूत संरचनाओं का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ विद्यालय में इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे छात्र-छात्राओं को आधुनिक एवं सुविधाजनक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके।

बालिकाओं के लिए बनेगा आधुनिक छात्रावास
————————-
पीएम श्री योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख 49 हजार 400 रुपये की लागत से विद्यालय परिसर में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। इस छात्रावास के निर्माण से विद्यालय में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली कई छात्राओं को आवागमन और आवास से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। छात्रावास बनने के बाद उन्हें विद्यालय परिसर में ही सुरक्षित वातावरण में रहने और पढ़ाई करने की सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। छात्रावास की सुविधा मिलने से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए विद्यालय में पढ़ाई करना और भी आसान हो जाएगा। इससे न केवल उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में वृद्धि होगी बल्कि समाज में बालिका शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी बनेगा।

डिजिटल लाइब्रेरी से मिलेगा आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ
————————–
सूचना प्रौद्योगिकी और संचार क्रांति के इस दौर में छात्र-छात्राओं को डिजिटल माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है। इसे ध्यान में रखते हुए विद्यालय में 93 लाख 73 हजार 400 रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा।
डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को ई-लर्निंग, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, डिजिटल पुस्तकें तथा विभिन्न शैक्षणिक पोर्टलों तक पहुंच उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक आधारित अध्ययन सामग्री का भी लाभ मिल सकेगा। डिजिटल संसाधनों के उपयोग से छात्रों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी तथा उन्हें वैश्विक स्तर की जानकारी तक पहुंच मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी छात्र- छात्राओं को नई तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे विद्यार्थियों में शोध, नवाचार और स्वाध्याय की प्रवृत्ति विकसित होगी, जो उनके समग्र शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग मेडिकल कक्ष
————————-
विद्यालय परिसर में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 17 लाख 80 हजार 196 रुपये की लागत से छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग मेडिकल कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। इन मेडिकल कक्षों में प्राथमिक उपचार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में छात्र- छात्राओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
विद्यालयों में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पूरे दिन परिसर में रहते हैं। मेडिकल कक्ष बनने से बच्चों को छोटी-मोटी बीमारियों या चोट की स्थिति में तुरंत प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। इससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

यद्यपि जिलाधिकारी द्वारा खरौनाडीह स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का पूर्व में ही कई बार भ्रमण किया गया है तथा शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं से फीडबैक एवं सुझाव लेकर आवश्यकता के अनुरूप विद्यालय के विकास हेतु योजनाओं की स्वीकृति दी गई है।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर रहेगा विशेष जोर
—————————
जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल-वन के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया है कि सभी निर्माण कार्य नीति आयोग की मार्गदर्शिका के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा की जाए।

आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत मिली प्रोत्साहन राशि
—————————
उल्लेखनीय है कि जिला आकांक्षी कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के कारण नीति आयोग द्वारा जिले को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। इसी प्रोत्साहन राशि का उपयोग करते हुए छात्र-छात्राओं की सुविधा और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से इन विकास कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जवाहर नवोदय विद्यालय, खरौनाडीह में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी तथा विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे जिले के शिक्षा क्षेत्र को नई दिशा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।