नटवर साहित्य परिषद की मासिक कवि गोष्ठी सह मुशायरा संपन्न
-नटवर साहित्य परिषद की मासिक कवि गोष्ठी सह मुशायरा संपन्न
मुजफ्फरपुर। रविवार को नटवर साहित्य परिषद की ओर से मासिक कवि गोष्ठी सह मुशायरा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि सतेंद्र कुमार सत्येन ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. हरिकिशोर सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में समिति के उपाध्यक्ष रणवीर अभिमन्यु ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
गोष्ठी की शुरुआत अंजनी पाठक ने जानकी बल्लभ शास्त्री जी के गीत से की। मतदान दिवस की याद में अशोक भारती ने “लोकतंत्र का मान कैसे करें” गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाई। अध्यक्ष सतेंद्र कुमार सत्येन ने “जाही दिन गुरु कै उपदेश पयलो” रचना का सस्वर पाठ किया।

व्यंग्य के रूप में डॉ. जगदीश शर्मा ने वयोवृद्धों के जीवन के महत्व को रेखांकित किया। डॉ. हरिकिशोर सिंह ने “बेटी है घर का सम्मान” रचना सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। अरुण कुमार तुलसी ने “आजादी मिली है फरियादी की” कविता प्रस्तुत की। रघुनाथ मुजफ्फरपुरी ने फाग “फगुवा गोर गाल पर” सुनाया, वहीं गदराय लाल गुलाब की रचना “दफ्तर का किरानी पैसे से सुनता है” को अंजनी पाठक ने गाकर प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपाध्यक्ष रणवीर अभिमन्यु ने सभी कवियों, श्रोताओं एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए गोष्ठी को विराम दिया। दर्शक दीर्घा में उपस्थित साहित्य प्रेमियों ने तालियों से कवियों का उत्साहवर्धन किया।