–धनबाद : अलविदा जुम्मा की नमाज अदा, ईद 21 मार्च को मनाने का ऐलान
धनबाद। पवित्र रमजान माह के अंतिम जुम्मे (अलविदा जुम्मा) के अवसर पर शुक्रवार को पूरा कोयलांचल इबादत और अकीदत के रंग में सराबोर नजर आया। जिले की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में शांतिपूर्ण माहौल के बीच बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की।
नमाज के बाद चांद की तस्दीक होने पर यह घोषणा की गई कि ईद-उल-फितर का पर्व 21 मार्च को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोगों में खुशी का माहौल देखा गया।
नमाज के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील इलाकों और प्रमुख मस्जिदों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। आला अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय प्रशासन और प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से पूरे जिले में भाईचारे और सौहार्द का माहौल बना रहा।
नमाज के दौरान मस्जिदों के इमामों ने अपने खुत्बे में इस्लाम की मूल शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए समाज में आपसी भाईचारा, शांति और मानवता को सर्वोपरि रखने की अपील की। साथ ही ईद के मौके पर जरूरतमंदों की मदद करने और प्रेम व खुशियां बांटने का संदेश दिया।
अलविदा नमाज के संपन्न होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। लोग खरीदारी और त्योहार की अंतिम तैयारियों में जुट गए हैं। प्रशासन ने ईद के दिन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने का भरोसा दिलाया है।
— सत्येन्द्र सिंह, धनबाद










