-देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 63वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, वक्ताओं ने याद किए उनके आदर्श
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में शनिवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 63वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्री नवयुवक समिति ट्रस्ट व नागरिक मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में शहीद भगवान लाल स्मारक पुस्तकालय भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने की।
कार्यक्रम से पूर्व समाहरणालय स्थित भारत माता नमन स्थल पर डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। नागरिक मोर्चा के महासचिव मोहन प्रसाद सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से प्रतिमा पर माल्यार्पण नहीं किया जाना उनकी उपेक्षा को दर्शाता है।

अध्यक्षता करते हुए डॉ. रमेश कुमार केजरीवाल ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक महान शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के अध्यक्ष रहे। उन्होंने लंगट सिंह कॉलेज में प्राध्यापक के रूप में भी सेवा दी। सादा जीवन और उच्च विचार की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने देश सेवा को अपना लक्ष्य बनाया। राष्ट्रपति पद से मुक्त होने के बाद वे सदाकत आश्रम में रहे और 28 फरवरी 1963 को अंतिम सांस ली। ऐसे महान सपूत पर देश को गर्व है।
मौके पर डॉ. जगदीश शर्मा, समिति के उपाध्यक्ष रणवीर अभिमन्यु, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, डॉ. हरिकिशोर सिंह, डॉ. दीपक सिद्धार्थ, दीनबंधु आजाद, मुन्नी चौधरी, परमेश्वरी देवी, डॉ. अंजनी कुमार नाथानी, अमलेन्दु सिंह, महेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, प्रो. अखिलेश सिंह, गौरीशंकर राय समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सत्येन कुमार सतेंद्र ने किया।












