Advertisement

दिव्यांगजनों, मानसिक रोगियों व बच्चों को विधिक सहायता देने के लिए पारा विधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण

-दिव्यांगजनों, मानसिक रोगियों व बच्चों को विधिक सहायता देने के लिए पारा विधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण

मुजफ्फरपुर।
दिव्यांगजनों, मानसिक रोगियों, बच्चों एवं वृद्धजनों को प्रभावी विधिक सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की योजनाओं एलएसयूसी (LSUC) एवं एलएसयूएम (LSUM) के तहत जिले में पारा विधिक स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर सुश्री श्वेता कुमारी सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर की सचिव सुश्री जयश्री कुमारी द्वारा मुशहरी प्रखंड स्थित बुनियाद केंद्र में जिले के सभी पारा विधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। बुनियाद केंद्र के जिला प्रबंधक के सहयोग से यह प्रशिक्षण 29, 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को प्रखंडवार आयोजित किया गया।


प्रशिक्षण के उपरांत पारा विधिक स्वयंसेवक जिले में रहने वाले जरूरतमंद लाभुकों की पहचान कर उन्हें बुनियाद केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने में सहायता करेंगे। ऐसे लोग जो जानकारी के अभाव या अकेलेपन के कारण बुनियाद केंद्र तक नहीं पहुंच पाते थे, उन्हें अब आवश्यक सहयोग मिल सकेगा। पारा विधिक स्वयंसेवक लाभुकों और बुनियाद केंद्र के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार और समाज कल्याण विभाग की यह संयुक्त एवं सकारात्मक पहल वृद्धजनों, बच्चों, मानसिक रोगियों एवं दिव्यांगजनों के कल्याण की दिशा में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।