Advertisement

दिल्ली ब्लास्ट की जांच पहुँची बिहार: खगड़िया में NIA की हाई-प्रोफाइल छापेमारी से सनसनी

-दिल्ली ब्लास्ट की जांच पहुँची बिहार: खगड़िया में NIA की हाई-प्रोफाइल छापेमारी से सनसनी

-रिटायर्ड पोस्टमास्टर के घर 5 घंटे तलाशी

खगड़िया। दिल्ली में हाल ही में हुए बम धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ पूरे देश में अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में रविवार की अहले सुबह NIA द्वारा खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में की गई बड़ी कार्रवाई ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। छापेमारी के तरीके और समय ने इस कार्रवाई को और भी गंभीर बना दिया है, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या दिल्ली ब्लास्ट की कड़ियां बिहार से भी जुड़ सकती हैं?

रविवार तड़के 3 बजे गांव में घुसी टीम:

NIA की आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम रविवार को तड़के लगभग तीन बजे मानसी थाना अंतर्गत सैदपुर गांव पहुँची और सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर मोहम्मद हादी के घर पर लगभग पाँच घंटे तक हाई-प्रोफाइल तलाशी अभियान चलाया।

छापेमारी के वक्त घर के सभी सदस्य सो रहे थे और मुख्य द्वार अंदर से बंद था। सुरक्षाबलों ने पहले घर की दीवार फांदी, भीतर दाखिल हुए और फिर मुख्य गेट खोलकर बाकी टीम को अंदर बुलाया। इसके बाद अधिकारियों ने परिवार को पहचान बताई और कहा—“हम जांच करने आए हैं, पहले देख लें कि हमारे पास कोई आपत्तिजनक सामान नहीं है।”

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस व मेटल डिटेक्टर से जांच:

इसके बाद घर की विस्तृत तलाशी शुरू हुई। हर कमरे, संदिग्ध स्थान और सामान की बारीकी से जांच की गई। टीम ने घर के अंदर मेटल डिटेक्टर लगाकर यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं विस्फोटक, हथियार या कोई संदिग्ध सामग्री तो छिपाकर नहीं रखी गई है।

छापेमारी का यह तरीका साफ इशारा करता है कि एजेंसी किसी गंभीर सुराग का पीछा कर रही है और इलाके में संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मोबाइल जब्त, 1 दिसंबर को पटना में पेश होने का निर्देश:

जांच के दौरान टीम ने सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर के पुत्र का एक मोबाइल फोन जब्त किया और उसे 1 दिसंबर को पटना में पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया है।

कार्यवाही के दौरान पूरे घर के आसपास आवाजाही बंद कर दी गई। सुरक्षा बलों ने गली तक को सील कर दिया था, जिससे गांव में दहशत फैल गई।

दिल्ली ब्लास्ट से जोड़कर देखी जा रही कार्रवाई:

हालाँकि NIA की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, पर जिस तरह कार्रवाई को अंजाम दिया गया, उससे यह शक मजबूत हो रहा है कि यह छापेमारी दिल्ली बम विस्फोट की जांच के सिलसिले में की गई है।

अंदेशा है कि एजेंसी किसी बड़े नेटवर्क, सप्लाई चेन, या संभावित लॉजिस्टिक सपोर्ट की जांच कर रही है।

थाना अध्यक्ष ने पुष्टि की:

मानसी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने केवल इतना कहा—
“NIA की टीम ने छापेमारी की है। आगे की जानकारी एजेंसी ही देगी।”

इससे पहले मोतिहारी में भी हुई थी छापेमारी:

खगड़िया से पहले NIA ने मोतिहारी में भी छापेमारी की थी, जहाँ आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों को लेकर कई स्थानों पर एजेंसी ने शिकंजा कसा था।

दिल्ली धमाके के बाद बढ़ी सतर्कता के बीच बिहार में हुई ये लगातार कार्रवाइयाँ सुरक्षा एजेंसियों की गहन जाँच का स्पष्ट संकेत दे रही हैं। अब NIA की आगे की कार्रवाई पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।