Advertisement

दयालपुर में वार्षिक खेल प्रतियोगिता के दूसरे चरण में एथलेटिक्स मीट संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

–दयालपुर में वार्षिक खेल प्रतियोगिता के दूसरे चरण में एथलेटिक्स मीट संपन्न, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
दयालपुर स्थित ब्रज मोहन दास महाविद्यालय दयालपुर में पांच फरवरी 2026 से जारी वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2025-26 के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को एथलेटिक्स मीट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ श्याम रंजन प्रसाद सिंह ने किया। इस दौरान शिक्षकों और छात्रों ने खेल को सफल बनाने तथा खेल भावना से भाग लेने की शपथ ली।
एथलेटिक्स मीट में बॉयज और गर्ल्स वर्ग के लिए दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और शॉटपुट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बॉयज वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर दौड़, हाई जंप और लॉन्ग जंप में इरशाद आलम विजेता बने। वहीं जेवलिन थ्रो में प्रिंस कुमार, शॉटपुट में अंशुल कुमार और डिस्कस थ्रो में सचिन कुमार सिंह ने बाजी मारी।


गर्ल्स वर्ग में 60 मीटर दौड़ में गोड़ी कुमारी, 100 मीटर में सुप्रिया कुमारी, 200 व 400 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो और जेवलिन थ्रो में बबीता कुमारी विजयी रहीं। हाई जंप में सोनाली कुमारी, लॉन्ग जंप में मेघा कुमारी और शॉटपुट में रौशनी कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मौके पर प्राचार्य डॉ सिंह के साथ डॉ जया चौधरी, डॉ रवि चंद्रन, डॉ जितेंद्र कुमार और डॉ अभिरंजन कुमार ने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। प्राचार्य ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी उतना ही जरूरी है और खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर छात्र उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।
प्रतियोगिता में छात्रों के उत्साह और खेल भावना ने पूरे परिसर को जोश से भर दिया।