–तेज रफ्तार का कहर: बाइक-ऑटो की भिड़ंत में युवक की मौत, चार गंभीर घायल
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर मुसहरी थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम के समीप तेज रफ्तार बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन काफी तेज गति में थे, तभी अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दूर जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मनिका हरिकेश निवासी मोनू कुमार को मृत घोषित कर दिया।

अन्य घायलों में मधुरापुर के दो व्यक्ति और एक अज्ञात शामिल हैं। सभी को एंबुलेंस से मुसहरी पीएचसी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।












