Advertisement

झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत, किसानों के चेहरे खिले

-झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत, किसानों के चेहरे खिले

मुजफ्फरपुर। दीपक तिवारी।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। खासकर बन्दरा प्रखंड में सुबह से ही आसमान पर बादल छाए थे और हल्की ठंडी हवाएं चल रही थीं। शाम होते-होते तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। सकरी मन गांव के किसान केके तिवारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से बादल मंडरा रहे थे लेकिन बारिश नहीं हो रही थी। खेतों में धान की फसल पानी के अभाव में सूखने लगी थी। अब इस बारिश से धान की रोपाई और फसल की सिंचाई में काफी सहूलियत होगी। किसानों के चेहरे पर खुशी झलकने लगी है।

गर्मी और उमस से परेशान आम लोगों ने भी राहत की सांस ली। बरसात के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सड़कों पर भी ठंडक का एहसास हुआ। बच्चे और युवा बारिश का आनंद लेने सड़कों और गलियों में निकल आए। लोगों ने इसे “राहत की बारिश” करार दिया।

गायघाट, औराई तथा अन्य प्रखंडों से भी अच्छी बारिश की सूचना है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार गर्मी और सूखे की स्थिति से लोग परेशान थे, लेकिन समय पर हुई इस बरसात से फसलों के साथ-साथ पीने के पानी की समस्या में भी कुछ हद तक सुधार होगा। किसानों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही बारिश होती रही तो धान की फसल बेहतर उत्पादन देगी।

कुल मिलाकर रविवार की बारिश ने किसानों और आम जनता दोनों के लिए राहत का पैगाम लाया है। अब लोग उम्मीद कर रहे हैं कि मानसून का यह दौर लगातार जारी रहे, ताकि फसलें अच्छी हों और गर्मी से राहत बनी रहे।