–जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था सामान्य : डीएम
– गोदाम के बजाए होम डिलीवरी कराने का डीएसओ को दिए निर्देश
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में
जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में एलपीजी गैस की आपूर्ति से संबंधित प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन हुआ। जिसमें जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजय बहादुर सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा सहित डीपीआरओ मौजूद थे।
जिलाधिकारी श्री जोरवाल ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिला अंतर्गत एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है एवं आपूर्ति की स्थिति सामान्य है। पैनिक होकर बेवजह बुकिंग करने से बचें। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं सदर एसडीओ को निर्देश दिया कि यथा शीघ्र गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी व्यवस्था बनाएं। गोदाम या कार्यालय पर गैस डिलीवर के नाम पर भीड़ इकट्ठा नहीं कराएं। जिससे लोगों को और खासकर महिलाओं को परेशानी नहीं हो। साथ ही अफवाह फैलाने एवं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के लिए सिलेंडर का भंडारण करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वैसे जिले में अब तक अवैध गैस भंडारण करने वाले दो स्थानों पर छापेमारी कर एफआईआर दर्ज किया गया है। आगे भी कारवाई होगी। उन्होंने इसके लिए नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी करते हुए गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत दर्ज कराने की अपील की। बताया कि कंट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 06252-242418 है, इस पर सीधे अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
– जिले में गैस एजेंसियों और ग्राहक की संख्या
उन्होंने बताया कि जिले में हिंदुस्तान पैट्रोलियम गैस के 31 एजेंसियां हैं। जिसके उपभोक्ताओं की संख्या 420619 है, इंडेन गैस की जिला में 56 एजेंसियां हैं और इसके उपभोक्ताओं की संख्या 486000 है। भारत गैस के कुल 28 एजेंसी हैं। जिसके उपभोक्ताओं की संख्या 236000 है। इस प्रकार जिला में कुल 115 गैस एजेंसी है और कुल उपभोक्ताओं की संख्या 1142619 है।

28 फरवरी 2026 से पूर्व जिला में औसत दैनिक आपूर्ति 19195 सिलेंडर की थी जिसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 6365, इंडियन गैस की 8500 और भारत गैस के 4330 सिलेंडर की आपूर्त औसतन प्रतिदिन हो रही थी। वर्तमान में दैनिक आपूर्ति 18572 की हो रही है। जिसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम का 7775, इंडेन गैस का 6467 और भारत गैस का 4330 सिलेंडर की आपूर्ति प्रतिदिन की जा रही है।
बताया कि वर्तमान में हिंदुस्तान पैट्रोलियम गैस की 15913,इंडियन गैस की 25500 और भारत गैस की 6125 सिलेंडर की आपूर्ति लंबित है जिसे दो से ढाई दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक संचालित हो रहा है।
डीएम ने बताया कि संवेदनशील गैस एजेंसी की पहचान कर ली गई है, वहां पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिले के सभी छः अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भ्रमणशील हैं। लगातार एजेंसियों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बॉटलिंग प्लांट से गैस सिलेंडर के परिवहन/ परिचालक का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है।
दो शिकायतों में एक शिकायत मोतिहारी एवं दूसरी शिकायत पकड़ीदयाल अनुमंडल से प्राप्त हुई थी। जिसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बताया कि जिले में जो आवश्यकता है उसमें 98.5% घरेलू गैस की आवश्यकता है और 1.5% कमर्शियल गैस की आवश्यकता है। जमाखोरी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।











