-जानकी मंदिर में सम्पन्न हुआ चौठारी रस्म, साधु-संतों की रही विशेष उपस्थिति
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
जानकी मंदिर परिसर में जगत जननी जानकी के चौठारी रस्म का आयोजन श्रद्धा और परंपरा के साथ किया गया। गुरुवार को राम मंदिर से महंत राम गिरि की अगुवाई में ‘भार’ को विधिवत जुलूस के रूप में जानकी मंदिर लाया गया। मंदिर पहुंचने पर महंत राम तपेश्वर दास वैष्णव तथा उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव ने महंत राम गिरि सहित भार में शामिल सभी साधु-संतों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

शुक्रवार को मुख्य चौठारी रस्म का आयोजन किया गया। मिथिला की सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार, विवाह के उपरांत होने वाला यह रस्म सांस्कृतिक समृद्धि और लोक विश्वास का प्रतीक माना जाता है। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की उपस्थिति और भक्ति-भाव का विशेष माहौल देखने को मिला।













