Advertisement

जानकी मंदिर को विश्व संपदा सूची में शामिल कराने के लिए कटिबद्ध : जूली कुमारी महतो

-जानकी मंदिर को विश्व संपदा सूची में शामिल कराने के लिए कटिबद्ध : जूली कुमारी महतो

जनकपुरधाम से मिश्री लाल मधुकर।
नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) की निवर्तमान सांसद व धनुषा निर्वाचन क्षेत्र-3 से प्रतिनिधि सभा की उम्मीदवार जूली कुमारी महतो ने जानकी मंदिर को विश्व संपदा सूची में शामिल कराने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
रविवार को अपने आवास पर आयोजित एक वृहत पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने दस प्रमुख विकास एजेंडों की घोषणा करते हुए कहा कि जानकी मंदिर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही जनकपुरधाम को विश्व के प्रतिष्ठित वैवाहिक (वेडिंग) गंतव्य के रूप में विकसित करने तथा ऐतिहासिक बारहबीघा मैदान के सौंदर्यीकरण की भी योजना है।
उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में रा.रा.ब कैंपस एवं राजर्षि जनक विश्वविद्यालय के स्तरोन्नयन, आधारभूत एवं माध्यमिक विद्यालयों में बेहतर पूर्वाधार उपलब्ध कराने की बात कही। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करते हुए प्रादेशिक अस्पताल के आधुनिकीकरण और सभी नागरिकों के लिए स्वास्थ्य बीमा लागू करने का आश्वासन दिया।


रोजगार और उद्योग को लेकर उन्होंने जनकपुर में नए उद्योग स्थापित करने, बंद पड़ी सिगरेट फैक्ट्री को पुनः चालू करने, फल-फूल मंडी व सब्जी बाजार के लिए भवन निर्माण, औद्योगिक कॉरिडोर की स्थापना तथा विदेश से लौटे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही सभी मठ-मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों के विकास पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक पालिका में आरसीसी सड़क, पुल और नाला निर्माण, पंद्रह दिवसीय परिक्रमा मार्ग का सुव्यवस्थित विकास तथा जनकपुरधाम हवाई अड्डे के विस्तार की योजनाएं भी प्राथमिकता में हैं।
अंत में जूली महतो ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय स्वाधीनता की रक्षा, भ्रष्टाचार नियंत्रण, समावेशी सुशासन और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए उनकी पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।