Advertisement

जनकपुरधाम में छठ पर्व की तैयारियाँ पूरी — मेयर मनोज साह स्वयं कर रहे निगरानी

-जनकपुरधाम में छठ पर्व की तैयारियाँ पूरी — मेयर मनोज साह स्वयं कर रहे निगरानी

-शहर छठमय वातावरण में सराबोर

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ की तैयारी जनकपुरधाम में पूरी हो चुकी है। शहर के गंगासागर, धनुष सागर, अंगराज सर, नोचा पोखर, विहार कुंड, अग्नि कुंड और दूधमती नदी सहित सभी प्रमुख सरोवरों पर सफाई और सजावट का कार्य पूरा कर लिया गया है।

स्थानीय युवा क्लबों और नागरिकों ने घाटों की सफाई के साथ-साथ पंडाल निर्माण और रोशनी की व्यवस्था की है। जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह स्वयं सफाई कार्य की निगरानी कर रहे हैं और सभी वार्ड अध्यक्षों से प्रत्यक्ष जानकारी ले रहे हैं। उपमहानगरपालिका के ट्रैक्टर और टीपर लगातार सफाई अभियान में जुटे हुए हैं। शहर की सड़कों को दीपों और सजावट से दुल्हन की तरह संवारा गया है।

शनिवार को ‘नहाय-खाय’ के साथ छठ पर्व की शुरुआत हुई, जबकि रविवार को खरना का आयोजन होगा। खरना में व्रतधारी खीर, केला और पूरी छठ मैया को अर्पित कर उपवास की शुरुआत करेंगे। सोमवार को संध्या अर्घ्य और मंगलवार की सुबह अर्घ्य के साथ व्रत का समापन होगा।

बाजारों में छठ सामग्री की खरीदारी को लेकर भारी भीड़ उमड़ी रही। छठ पर्व को लेकर धनुषा जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है, शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

गंगासागर सरोवर में इस बार बिहार और नेपाल के विभिन्न हिस्सों से आए छठ व्रतियों के शामिल होने की संभावना है। गंगासागर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष हरि प्रसाद गुप्ता के अनुसार, इस बार लगभग दस हजार श्रद्धालु यहाँ छठ पूजा करेंगे। पूरे जनकपुरधाम का माहौल छठ गीतों की मधुर धुनों से भक्तिमय बना हुआ है।

#छठ_पर्व #जनकपुरधाम #गंगासागर #मेयर_मनोज_साह #छठ_तैयारी #सफाई_अभियान #भक्ति_और_आस्था #NepalChhathFestival #ChhathPuja2025